कोतवाल के कब्जे में आते ही गुलामों की तरह मिमयाने लगा हिस्ट्रीशीटर बादशाह, उगल डाले महिला अस्पताल NPPL के राज, नई दिशा में बढ़ी जांच

महिला कर्मी ने गलत स्पर्श करने, संबंध बनाने का दबाव डालने और गाली-गलौज कर धमकी देने के लगाए थे आरोप, नगर कोतवाली में दर्ज है मुकदमा

Woman hospital NPPL अस्पताल में कार्यरत महिला कर्मी के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने के आरोप में फरार चल रहे विक्की उर्फ बादशाह को नगर कोतवाली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान विक्की उर्फ बादशाह पुत्र महेश, निवासी मकान नंबर 85/1, श्रवणनाथ नगर, निकट भाटिया भवन, हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में विक्की गुप्ता उर्फ बादशाह ने महिला अस्पताल NPPL के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। नगर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि बादशाह ने जो भी जानकारी दी है उसको क्रॉस चेक किया जा रहा। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पूर्व में प्रकाश में आए तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2026 को एक महिला कर्मी ने आरोपी विक्की उर्फ बादशाह के खिलाफ कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने महिला के साथ गलत स्पर्श किया और गलत संबंध बनाने की मांग की। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए आपराधिक धमकी भी दी गई।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 621/2026 दर्ज किया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था।

नगर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर सुरागरसी और पतारसी के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।