News:129
पिरान कलियर। घर से अचानक लापता हुई 10 वर्षीय मासूम की तलाश में कलियर पुलिस पूरी रात जुटी रही। कोतवाल कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दरगाह क्षेत्र से लेकर आसपास के मार्गों तक तलाश अभियान चलाया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और लाउडस्पीकर के माध्यम से बालिका की जानकारी प्रसारित कराई गई। पुलिस की तत्परता का नतीजा रहा कि सुबह बालिका बेड़पुर के पास अकेली घूमती हुई सकुशल मिल गई। बेटी को सुरक्षित देखकर मां के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।

पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर की रात करीब 10 बजे मुकर्रबपुर निवासी हारुन पुत्र मुख्तियार अहमद ने कोतवाली पहुंचकर अपनी 10 वर्षीय बेटी के अचानक घर से लापता होने की सूचना दी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। सूचना मिलते ही कोतवाल कमल मोहन भंडारी ने बालिका की तलाश के लिए पुलिस टीम को सक्रिय किया।पुलिस टीम ने दरगाह क्षेत्र में लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराया। वहीं परिजनों से मिली बालिका की तस्वीर के आधार पर दरगाह क्षेत्र, इमली रोड, धनौरी रोड और सोहलपुर रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
पुलिसकर्मी रातभर बालिका की तलाश में जुटे रहे।गुरुवार सुबह सर्च अभियान के दौरान पुलिस टीम को बेड़पुर के पास एक बालिका अकेली घूमती हुई दिखाई दी। पुलिस ने फोटो से मिलान किया तो उसकी पहचान लापता बालिका के रूप में हुई। पुलिस टीम तत्काल उसे सुरक्षित कोतवाली लेकर पहुंची। इसके बाद चाइल्ड वेलफेयर टीम के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक पूछताछ की गई और परिजनों को सूचना दी गई।कोतवाली पहुंचे परिजनों को पुलिस ने उनकी बेटी सकुशल सुपुर्द कर दी। बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
चुनौतीपूर्ण थी मासूम की तलाश, रातभर डटे रहे कोतवाल लापता बालिका की तलाश पुलिस के लिए आसान नहीं थी। बालिका मानसिक रूप से कमजोर होने के साथ ठीक से बोल भी नहीं पाती थी। ऐसे में उसके बारे में जानकारी जुटाना और उससे बातचीत कर पाना पुलिस के सामने बड़ी चुनौती थी। इसके बावजूद कोतवाल कमल मोहन भंडारी रातभर अपनी टीम को लगातार दिशा-निर्देश देते रहे और बालिका को सकुशल तलाशने के लिए प्रयास करते रहे। आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई और सुबह बालिका को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिकाप्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सुबोध कुमार और कांस्टेबल प्रकाश मनराल।