Haridwar Viral News माँ ने की दूसरी शादी, सौतेले पिता ने नाबालिग बेटी से किया दुष्कर्म, पिता गिरफ्तार, ज्वालापुर की घटना

शारीरिक शोषण से परेशान होकर घर छोड़कर हिमाचल में बड़ी बहन के पास पहुंची थी किशोरी, आरोपी ने खुद दर्ज कराई थी अपहरण की रिपोर्ट

Haridwar Viral News ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। अपनी ही नाबालिग सौतेली बेटी का शारीरिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है। किशोरी के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं बढ़ाते हुए कार्रवाई की है।

पुलिस के मुताबिक, 16 वर्षीय किशोरी के सौतेले पिता ने उसके लापता होने के संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कराया था। 28 नवंबर 2026 को दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा किशोरी का अपहरण कर ले जाने के आरोप में मुकदमा अपराध संख्या 735/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। किशोरी की तलाश के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस ने तलाश करते हुए किशोरी को हिमाचल प्रदेश में उसकी बड़ी बहन के घर से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद जब पुलिस ने किशोरी से गहनता से पूछताछ की तो उसने चौंकाने वाले खुलासे किए। किशोरी ने बताया कि उसके पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद उसका सौतेला पिता उसके साथ दुष्कर्म करता था। लगातार शारीरिक शोषण से परेशान होकर वह बिना किसी को बताए घर छोड़कर अपनी बड़ी बहन के पास चली गई थी।

किशोरी के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता सचिन कुमार पुत्र सावनिया निवासी जलालाबाद, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सीतापुर, कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार को 4 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दर्ज मुकदमे में धारा 65(2) बीएनएस तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(1), 5(m), 5(n) और 6 की बढ़ोतरी की है। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम में शामिल रहे: उपनिरीक्षक सोनल रावत, अपर उपनिरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा और महिला कांस्टेबल प्रियंका तोमर।