पिरान कलियर। दरगाह क्षेत्र में अपनों से बिछड़े दो मासूम बच्चों के लिए कलियर पुलिस की तत्परता राहत बनकर सामने आई। ऑपरेशन स्माइल के तहत कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी की निगरानी में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों से मिले दो बच्चों को संरक्षण में लेकर उनके परिजनों की तलाश की और दोनों को सकुशल माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को दरगाह क्षेत्र में पुलिस टीम को करीब चार वर्षीय बालक अकेला घूमता मिला। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित कोतवाली पिरान कलियर पहुंचाया। चाइल्ड वेलफेयर टीम के समक्ष पूछताछ में बच्चे ने अपना नाम अर्ष, उम्र चार वर्ष, पुत्र जाकिर, निवासी इंद्रा नहर, सीमापुरी दिल्ली बताया। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उन्हें कोतवाली बुलाया। परिजनों के पहुंचने पर बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
इसी तरह चेतक पुलिस टीम को दरगाह क्षेत्र में करीब सात वर्षीय बालक अकेला घूमता मिला। पुलिस ने बच्चे को संरक्षण में लेकर कोतवाली पहुंचाया और चाइल्ड वेलफेयर टीम के समक्ष पूछताछ की। बच्चे ने अपना नाम अरमान, उम्र सात वर्ष, पुत्र इकबाल, निवासी भदौली, गाजियाबाद बताया।
पुलिस टीम ने तत्काल परिजनों से संपर्क किया और उन्हें कोतवाली बुलाकर बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।दोनों बच्चों के सुरक्षित मिलने पर उनके परिजनों ने कलियर पुलिस का आभार जताया। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से दोनों परिवारों को राहत मिली।
पहली कार्रवाई में हेडकांस्टेबल सोनू कुमार, हेडकांस्टेबल रविन्द्र बालियान, हेडकांस्टेबल जमशेद अली और महिला होमगार्ड अमिता शामिल रहे। वहीं दूसरी कार्रवाई में हेडकांस्टेबल जयप्रकाश, हेडकांस्टेबल रविन्द्र बालियान, हेडकांस्टेबल सोनू कुमार और महिला होमगार्ड कृष्णा की भूमिका रही।