रामपुर में नगर पंचायत की ‘सियासी पटकथा’ बिगड़ी, सभासदों ने खोला मोर्चा!

News129:-रुड़की

रुड़की:-रामपुर नगर पंचायत में सभासदों के अनिश्चितकालीन धरने से नगर पंचायत की सियासत गरमा गई है। विभिन्न मांगों और नगर पंचायत के कामकाज को लेकर सभासदों ने मोर्चा खोल दिया है। धरने पर बैठे सभासदों का कहना है कि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सभासदों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो नगर पंचायत में तालाबंदी भी की जाएगी।

सभासदों के धरने के बाद नगर पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर तरह-तरह के सवाल उठने लगे हैं। आखिर ऐसा क्या हुआ कि नगर पंचायत के निर्वाचित सभासदों को ही धरने पर बैठना पड़ा? क्या आपसी तालमेल की कमी का असर नगर पंचायत के कामकाज पर पड़ रहा है? इन सवालों को लेकर अब क्षेत्र में चर्चा तेज है।

नगर पंचायत से विधानसभा तक… अब जनता पूछ रही हिसाब!मामला इसलिए भी राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है क्योंकि रामपुर नगर पंचायत के चेयरमैन पहले ही कलियर विधानसभा क्षेत्र से विधायक का चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं। ऐसे में नगर पंचायत में चल रहे विवाद और सभासदों के धरने के बीच कलियर विधानसभा की जनता के बीच भी एक सवाल उठना स्वाभाविक है—

जब एक नगर पंचायत का कामकाज और अपने ही निर्वाचित सभासदों की नाराजगी नहीं संभल पा रही, तो विधानसभा जैसी बड़ी जिम्मेदारी कैसे संभाली जाएगी?फिलहाल सभासदों के धरने ने रामपुर नगर पंचायत की राजनीति को गर्म कर दिया है।

अब नजर इस बात पर है कि जिम्मेदार अधिकारी और चेयरमैन धरने पर बैठे सभासदों से बातचीत कर मामले का समाधान निकालते हैं या फिर तालाबंदी की चेतावनी के बाद विवाद और बड़ा रूप लेता है।