कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण

News129:-हरिद्वार

हरिद्वार, 05 सितंबर 2026। कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार नंदन कुमार ने शनिवार को UIIDB योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेंडिंग जोन, निर्माणाधीन शौचालय, ड्रेनेज सिस्टम सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

नगर आयुक्त ने परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट को वेंडिंग जोन को व्यवस्थित और सुविधाजनक तरीके से विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन शौचालयों को निर्धारित मानकों के अनुरूप जल्द पूरा कराने तथा ड्रेनेज सिस्टम को प्रभावी बनाने को कहा।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराया जाए।

नगर आयुक्त ने कहा कि कुंभ 2027 के दौरान हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर एवं सुव्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट, सहायक अभियंता सुशील रामोला, आनंद, टीएस निशात अंसारी एवं शिव सिंह चौहान समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।