दरगाह साबिर पाक परिसर में मारपीट का वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

अतीक साबरी:-

पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत साबिर पाक के अखाड़ा परिसर में दो गुटों के बीच हुई मारपीट का एक वीडियो सामने आने के बाद दरगाह की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। वीडियो में कुछ युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान आसपास मौजूद जायरीनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर हटते नजर आए।

श्रद्धालुओं ने जताई सुरक्षा को लेकर चिंतास्थानीय लोगों और दरगाह में आने वाले कई जायरीनों का कहना है कि परिसर में कुछ असामाजिक एवं शरारती तत्व देर रात तक डेरा जमाए रखते हैं, जिससे श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। उनका आरोप है कि ऐसे तत्वों के कारण कई बार विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है और समय रहते सख्त कार्रवाई न होने से उनका मनोबल बढ़ रहा है। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

वीडियो के आधार पर कार्रवाई की मांग जायरीनों और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर मारपीट में शामिल सभी युवकों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि दरगाह परिसर की पवित्रता, सुरक्षा और अमन-शांति कायम रह सके।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से भी हस्तक्षेप की अपीलश्रद्धालुओं ने रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ से भी मांग की है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में आने वाले जायरीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और दरगाह परिसर में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।

आस्था के केंद्र की गरिमा बनाए रखने की अपील जायरीनों का कहना है कि दरगाह हजरत साबिर पाक करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में परिसर में होने वाली मारपीट जैसी घटनाएं न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि दरगाह की गरिमा और धार्मिक माहौल को भी प्रभावित करती हैं। उन्होंने प्रशासन से नियमित निगरानी, सघन पुलिस गश्त और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।