मोटरसाइकिल की टक्कर से खंडित हुआ कांवड़ जल, चौकी प्रभारी शहजाद अली की सूझबूझ से टला बवाल

News 129 पिरान कलियर।

सावन कांवड़ यात्रा के दौरान थाना पिरान कलियर क्षेत्र की इमलीखेड़ा चौकी अंतर्गत दरियापुर के समीप उस समय कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई, जब एक मोटरसाइकिल की साइड लगने से कांवड़ियों का पवित्र जल खंडित हो गया। घटना से आक्रोशित कांवड़ियों ने विरोध जताते हुए संबंधित मोटरसाइकिल पर डंडे बरसा दिए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने सूझबूझ, धैर्य और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पहले आक्रोशित कांवड़ियों को शांत कराया, फिर पूरी स्थिति को नियंत्रण में लिया। उनकी समझाइश और तत्परता के चलते मामला बढ़ने से पहले ही शांत हो गया।

चौकी प्रभारी शहजाद अली ने कांवड़ियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए विधि-विधान के अनुसार उनकी कांवड़ दोबारा तैयार करवाई और आवश्यक व्यवस्था कराकर पवित्र जल पुनः भरवाया। पुलिस की इस त्वरित पहल से कांवड़ियों का आक्रोश शांत हुआ और उन्होंने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए अपने गंतव्य के लिए यात्रा दोबारा शुरू कर दी।इस पूरे घटनाक्रम के दौरान इमलीखेड़ा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही।

पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ के कारण न केवल संभावित विवाद टल गया, बल्कि कांवड़ यात्रा भी बिना किसी अन्य व्यवधान के शांतिपूर्वक आगे बढ़ती रही।

पुलिस के अनुसार, संबंधित कांवड़ियों की पहचान आसू निवासी मुजफ्फरनगर, अनुप निवासी हरियाणा तथा शिवम निवासी अमानतगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान संयम बनाए रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।