NSG:-news129
पिरान कलियर। कलियर थाना क्षेत्र के दरियापुरा गांव से एक बेहद चिंताजनक और अमानवीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा कई मासूम बच्चों के हाथ रस्सी से बांधकर डंडे से मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कोल्डड्रिंक की बोतल को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद बच्चों के साथ यह क्रूर व्यवहार किया गया।
वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर भी लोग घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वायरल वीडियो में बच्चों के साथ की जा रही कथित मारपीट ने मानवता को शर्मसार करने वाले कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि, अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही घटना की सत्यता को लेकर पुलिस की ओर से कोई अंतिम निष्कर्ष सामने आया है। इसके बावजूद मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और स्थानीय लोग प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कलियर कोतवाली प्रभारी सीओ दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।