फर्जी खादिमों पर कब होगी कार्रवाई? दरगाह साबिर पाक में श्रद्धालुओं से अवैध वसूली के आरोप

NSG:-news129

पिरान कलियर। इन दिनों अजमेर शरीफ का केला चलने के चलते दरगाह साबिर पाक में जायरीनों की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का फायदा उठाकर कुछ कथित फर्जी खादिम खुलेआम अवैध वसूली करने में जुटे हुए हैं। आरोप है कि ये लोग दरगाह परिसर स्थित सिधरियों पर कब्जा जमाकर बैठते हैं और दरगाह में आने वाले जायरीनों को अपनी बातों में फंसाकर उनसे पैसे ऐंठते हैं।

सूत्रों के अनुसार, श्रद्धालुओं द्वारा दरगाह के दानपात्र में डाली जाने वाली रकम का एक बड़ा हिस्सा दानपात्र तक पहुंचने से पहले ही कथित फर्जी खादिमों द्वारा हड़प लिया जाता है। इतना ही नहीं, जहां आम जायरीन व्यवस्था के अनुरूप लंबी कतारों में लगकर जियारत करते हैं, वहीं ये लोग पैसों के बदले कुछ लोगों को वीआईपी गेट से अंदर प्रवेश दिलाने का काम भी करते हैं।

हैरानी की बात यह है कि संबंधित गेटों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पीआरडी जवान और दरगाह कर्मचारी तैनात रहते हैं, लेकिन उनके सामने ही यह पूरा खेल चलता रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ पीआरडी कर्मियों की कथित रूप से फर्जी खादिमों के साथ सांठगांठ होने के कारण उनके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती।

आरोप यह भी है कि लंगर के नाम पर श्रद्धालुओं से लाखों रुपये की वसूली की जा रही है। दरगाह परिसर में चार मजार के पास बनी सिधरियों में इन कथित फर्जी खादिमों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे व्यवस्था प्रभावित हो रही है।अब बड़ा सवाल यह है कि दरगाह प्रशासन आखिर इन कथित फर्जी खादिमों पर मेहरबान क्यों है और इनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

आस्थावान लोगों ने मांग की है कि दरगाह परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर दोषियों की पहचान की जाए तथा उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।लोगों की निगाहें अब रुड़की के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पर टिकी हैं कि आखिर कब इन कथित फर्जी खादिमों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।