सरिया के वार से हुई थी मजदूर की मौत, 25 दिन बाद पुलिस ने दबोचे हत्यारोपी”

NSG:-news129

देहरादून। कोतवाली डालनवाला पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे 20-20 हजार रुपये के दो इनामी अभियुक्तों को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की सरिया भी बरामद कर ली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक डालनवाला संतोष सिंह कुंवर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की। दोनों आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को पिंटू कुमार निवासी राजपुर रोड, देहरादून ने कोतवाली डालनवाला में तहरीर देकर बताया था कि मोहम्मद हुसैन और मोहम्मद आसिफ ने उनके चाचा रामफल ऋषि समेत अन्य लोगों के साथ मारपीट की थी। घटना में रामफल ऋषि गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जबकि एक अन्य व्यक्ति का हाथ भी फ्रैक्चर हो गया था।मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान चिकित्सकीय रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी की गई। इसी बीच 11 जून 2026 को उपचार के दौरान घायल रामफल ऋषि की मृत्यु हो गई, जिसके बाद मुकदमे में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई।पुलिस जांच में सामने आया कि राजपुर रोड स्थित निर्माणाधीन भवन में शटरिंग कार्य को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लोहे की सरिया से हमला कर दिया, जिसमें रामफल ऋषि गंभीर रूप से घायल हो गए थे।घटना के बाद दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर क्षेत्र में फरार हो गए थे।

प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर के निर्देशन में गठित टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने 12 जून को सहारनपुर के ग्राम सरदाहेड़ी से दोनों इनामी आरोपियों को दबोच लिया।पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि निर्माणाधीन साइट पर हुए विवाद के दौरान उन्होंने आत्मरक्षा के नाम पर लोहे की सरिया उठाई थी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो सरिया भी बरामद कर ली हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद हुसैन (35 वर्ष) पुत्र नसीम निवासी ग्राम सरदाहेड़ी थाना फतेहपुर जिला सहारनपुर तथा मोहम्मद आसिफ (25 वर्ष) पुत्र शराफत निवासी ग्राम सरदाहेड़ी थाना फतेहपुर जिला सहारनपुर के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिकाइस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह डोबाल, उपनिरीक्षक विक्की टम्टा, उपनिरीक्षक संदीप कुमार (एसओजी), कांस्टेबल विजय सिंह, कांस्टेबल पंकज मलासी तथा एसओजी के कांस्टेबल किरन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।