कौशल्या हत्याकांड श्यामपुर में प्रसिद्ध चंडी देवी मंदिर मार्ग कौशल्या नाम की महिला की हत्या का खुलासा करते हुए श्यामपुर पुलिस ने कौशल्या के लिव इन पार्टनर और उसके भाई व जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। कौशल्या के शादी के दबाव बनाने के चलते लिव इन पार्टनर ने यूपी से हरिद्वार लाकर हत्या का प्लान बनाया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव से कपड़े उतार लिए ताकि उसकी पहचान ना हो सके।
कौन थी कौशल्या
श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि कौशल्या नाम की महिला की शादी पप्पू नाके व्यक्ति से हुई थी दोनों के एक चार साल का बेटा भी है। कुछ समय बाद कौशल्या के प्रेम संबंध राम प्रकाश उर्फ गोविंदा निवासी बांदा के साथ हो गए। दोनों घर से चले गए और बाद में दोनों एक दूसरे के साथ बतौर लिव इन पार्टनर रहने लगे। इस बीच कौशल्या राम प्रकाश पर शादी के लिए दबाव बनाने लगी। जिससे राम प्रकाश खुश नहीं था।
कौशल्या हत्याकांड

राम प्रकाश ने भाई और जीजा के साथ बनाई योजना
राम प्रकाश ने कौशल्या की हत्या करने का प्लान अपने भाई राकेश और जीजा छेदीलाल के साथ मिलकर बनाई। राम प्रकाश के भाई राकेश के साले के साथ भी कौशल्या के संबंध रहे तो राकेश ने अपने जीजा छेदीलाल को भी इस योजना में शामिल कर लिया।
कैसे की हत्या
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि राम प्रकाश कौशल्या को हरिद्वार चंडी देवी मंदिर के दर्शन कराने के बहाने हरिद्वार लाया। जहां तीनों ने मौका पाते हुए कौशल्या का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को जंगलों में फेंक दिया। आठ मई को हत्या के बाद तीनों वापस चले गए। दस मई को महिला का सडा गला शव बरामद हुआ।

कैसे हुआ खुलासा
थानेदार नितेश शर्मा ने बताया कि कौशल्या के चेहरे से पहचान होना मुश्किल था। हाथ पर सिर्फ कौशल्या गुदा था जबकि दूसरे हाथ पर आर और के दिल के अंदर बना हुआ था। सबसे पहले 2019 से लेकर अब तक जितने भी कौशल्या नाम की महिलाओं की गुमशुदगी दर्ज की गई थी, सबका डेटा वेरीफाई किया गया।
इसके बाद सोशल मीडिया पर कौशल्या नाम की महिला के बारे में मिसिंग सर्च किया गया। वहीं एक टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। करीब छ सौ घंटों की सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद एक वीडियो में सबूत हाथ लगा। जिसके बाद उसे ट्रैक करते हुए पुलिस आरोपियों तक बांदा पहुंची और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।