NSG:-news129 — हर खबर पर हमारी नजर।
पिरान कलियर। कोतवाली पिरान कलियर प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस ने नशा कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुकर्रबपुर स्थित सरकारी स्कूल के पास चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.416 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुन्तियाज पुत्र मोहम्मद ताहिर निवासी सहारनपुर (हाल निवासी मुकर्रबपुर, पिरान कलियर) के रूप में हुई है। संदिग्ध गतिविधियों के चलते पुलिस टीम ने आरोपी को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह मजदूरी का कार्य करता है, लेकिन अधिक मुनाफा कमाने के लालच में रुड़की से गांजा लाकर कलियर क्षेत्र में नशे के आदी लोगों और अन्य ग्राहकों को छोटी-छोटी मात्रा में बेचता था। आरोपी लंबे समय से इस धंधे में सक्रिय बताया जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने कहा कि क्षेत्र में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।