NSG-(news129)
हरिद्वार। कलियर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आसफनगर में बुधवार तड़के जम्मू-कश्मीर पुलिस ने छापा मारा। जहां से एक युवती को पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से नकदी बरामद नहीं हुई लेकिन बताया जा रहा है कि मामला करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वह पाकिस्तान के माध्यम से करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन करता था। पूछताछ के दौरान उसने ग्राम आसफनगर निवासी युवती का नाम बताया। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिरान कलियर कोतवाली से संपर्क किया और स्थानीय पुलिस की मदद से आसफनगर में छापा मारा। बताया जा रहा है पुलिस को युवती की पहचान करने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा।
पहचान के बाद सोनम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।हर ट्रांजैक्शन पर मिलते थे 500 से 1000 रुपयेआसफनगर गांव की रहने वाली 26 वर्षीय सोनम एमए तक पढ़ी है। कुछ समय पहले सोनम कुछ लोगों के संपर्क में आई थी। उसे दस्तावेज भेजकर बैंक खाते खुलवाने के लिए कहा गया। इसके बाद इन खाते में अलग-अलग राज्यों से हजारों रुपये की रकम आने लगी। रकम आते ही उसे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने का काम किया जाता था।
हर ट्रांजैक्शन के बदले सोनम को 500 से 1000 रुपये तक कमीशन दिया जाता था। जांच एजेंसियां अब यह तस्दीक कर रही हैं कि सोनम सिर्फ मनी ट्रांसफर चेन का हिस्सा थी या उसे पूरे नेटवर्क और पाकिस्तान कनेक्शन की जानकारी थी।
अब बैंक खातों, मोबाइल फोन, ट्रांजैक्शन डिटेल और संपर्कों की कड़ियां जोड़कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।अचानक हुई इस कार्रवाई से परिजन और आसपास के लोग हैरान रह गए। लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और उसे अपने साथ ले गई।
कलियर एसएचओ का वर्जन:एसएचओ कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मामला जम्मू-कश्मीर में दर्ज मामले से संबंधित है, इसलिए स्थानीय पुलिस ने सीमित सहयोग किया। उन्होंने युवती की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
