Haridwar Viral Video हरकी पैडी क्षेत्र में शराब के नशे में हुड़दंग करने वाले जिन युवकों को हरियाणा का बताया जा रहा था वो पुलिस जांच में बागपत उत्तर प्रदेश के रहने वाले निकले। चारों युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर हंगामा करने वाले युवकों को हरियाणा का बताया जा रहा था। वहीं पिछले कुछ दिनों से हरियाणा बनाम उत्तराखण्ड की चल रहे सोशल मीडिया वार पर पुलिस की पैनी नजर हैं और पुलिस माहौल खराब करने वालों पर कार्रवाई करने की तैयारी कर रही हैं। साथ ही धार्मिक क्षेत्रों में शराब पीकर हुड़दंग करने वाले युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
नगर कोतवाली पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें शराब के नशे में कुछ युवक बाजारों में उत्पात मचा रहे थे और अभद्र व्यवहार कर रहे थे। इसके अलावा गंगा में स्नान शराब के नशे में कर रहे थे। वीडियो में दावा किया जा रहा था कि ये हरियाणा के युवक हैं।
Haridwar Viral Video
बागपत के रहने वाले हैं आरोपी
नगर कोतवाली पुलिस ने जिन चार युवकों को गिरफ्तार किया है उनमें राजीव पुत्र चंदन निवासी ग्राम साकरोद, थाना खेकड़ा, जनपद बागपत, विपिन पुत्र ओमप्रकाश निवासी नूरपुर खालसा, थाना खेकड़ा, जनपद बागपत, कपिल शर्मा पुत्र महिपाल निवासी ग्राम साकरोद, थाना खेकड़ा, जनपद बागपत, विकास पुत्र राजेंद्र निवासी नूरपुर खालसा, थाना खेकड़ा, जनपद बागपत को नशे की हालत में हुडदंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

