देर रात चलने वाले बार-रेस्टोरेंट पर पुलिस का शिकंजा,

हरिद्वार रोमियो लेन बार पर फिर छापा*

*हरिद्वार।** शहर में देर रात तक संचालित हो रहे बार और रेस्टोरेंट्स के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक कार्रवाई की। इसी क्रम में चर्चित *रोमियो लेन बार* सहित कई प्रतिष्ठानों पर देर रात छापेमारी कर निरीक्षण किया गया।पुलिस टीम ने देर रात तक खुले रहने वाले बार पर शिकंजा कसते हुए नियमों के उल्लंघन की जांच की।

गौरतलब है कि रोमियो लेन बार पर पूर्व में भी कार्रवाई हो चुकी है, बावजूद इसके नियमों का पालन सुनिश्चित नहीं किया जा रहा था।हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। देहरादून में देर रात शराब पीने के बाद हुई हत्या की घटना और एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर को मॉर्निंग वॉक के दौरान गोली लगने जैसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।

इसी के मद्देनज़र यह अभियान चलाया गया।छापेमारी के दौरान कई प्रतिष्ठानों से एम्पलीफायर, लैपटॉप, टैब सहित अन्य उपकरण जब्त किए गए। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस कार्रवाई के बाद देर रात तक संचालित होने वाले रेस्टोरेंट और बार संचालकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।