अतीक साबरी:-
रुड़की। हरिद्वार विश्वविद्यालय में आयोजित चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव के दूसरे दिन ‘उत्कर्ष समारोह 2026’ के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रुड़की विधायक व कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विश्वविद्यालय के अध्यक्ष सीए एसके गुप्ता, उपाध्यक्ष नमन बंसल व प्रो-वाइस चांसलर डॉ. आदेश आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गायन, नाटक और फैशन शो के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि प्रदीप बत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और ऐसे मंच उनके आत्मविश्वास व नेतृत्व क्षमता को नई ऊंचाइयों पर ले जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन अपनाकर लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय के अध्यक्ष सीए एसके गुप्ता ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियां व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। समारोह के दौरान शैक्षणिक, खेल व सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में सेमेस्टर परीक्षाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले तथा स्वयं (SWAYAM) में टॉपर्स व एलीट-गोल्ड श्रेणी हासिल करने वाले 275 छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय की ओर से 5000-5000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
कार्यक्रम में डायरेक्टर विपिन सैनी, रजिस्ट्रार सुमित चौहान, ओएसडी अभिनव भटनागर, कैंपस मैनेजर जितेंद्र चौधरी, प्रो. रविंद्र सैनी, प्रो. संजना, प्रो. एकता जैन, प्रो. मृणालिनी सिंह, प्रो. निशा धीमान सहित समस्त शिक्षक व अधिकारी मौजूद रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।