चारधाम यात्रा से पहले एसटीएफ का बड़ा एक्शन: 180 फर्जी सोशल मीडिया लिंक बंद कराए, 52 संदिग्ध मोबाइल नंबरों को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया जारी —

चारधाम यात्रा से पहले एसटीएफ का बड़ा एक्शन: 180 फर्जी सोशल मीडिया लिंक बंद कराए, 52 संदिग्ध मोबाइल नंबरों को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया जारी

एनएसजी, देहरादून। उत्तराखण्ड में आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स ने साइबर ठगों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए व्यापक कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों पर सख्त प्रहार किया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में गठित सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं एक्शन टीम ने अब तक 180 फर्जी सोशल मीडिया लिंक (फेसबुक पेज और इंस्टाग्राम अकाउंट) को चिन्हित कर टेकडाउन कराया है। इसके साथ ही 52 संदिग्ध मोबाइल नंबरों को ब्लॉक कराने के लिए दूरसंचार विभाग को अनुरोध भेजा गया है।

एसटीएफ की जांच में सामने आया कि साइबर अपराधी विशेष रूप से केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा के नाम पर फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया विज्ञापन बनाकर श्रद्धालुओं को ठग रहे थे। इस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने 10 संदिग्ध वेबसाइट्स को भी चिन्हित कर डोमेन रजिस्ट्रार के माध्यम से निष्क्रिय करा दिया है।

सबसे बड़ी कार्रवाई में एसटीएफ ने संगठित रूप से एक राज्य से संचालित गिरोह के 147 लिंक ऑपरेटरों और 27 फर्जी मोबाइल धारकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, जिससे साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है।एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ही करें। साथ ही व्हाट्सएप रजिस्ट्रेशन के लिए केवल आधिकारिक नंबर का ही उपयोग करें और किसी भी अनजान लिंक या सोशल मीडिया विज्ञापन पर भरोसा न करें।

एसटीएफ प्रभारी अजय सिंह ने एनएसजी को बताया कि आमजन किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और यदि साइबर ठगी का संदेह हो तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।