Uttarakhand Vigilance News। सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उप शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला धनवीर सिंह बिष्ट को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में उनके साथ एक महिला सह-अभियुक्ता को भी गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मु.अ.सं. 07/2026 के तहत धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) में प्रकरण दर्ज किया गया था। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता टीम ने बुधवार, 1 अप्रैल को ट्रैप कार्रवाई की।
Uttarakhand Vigilance News

ट्रैप टीम ने अभियुक्त धनवीर सिंह बिष्ट पुत्र गिन्दू सिंह और सह-अभियुक्ता पुष्पांजलि पत्नी पंकज शर्मा, निवासी लेन नंबर-5 डालनवाला देहरादून (वर्तमान में स्वामी उत्तरांचल मॉडर्न स्कूल गुमानीवाला ऋषिकेश) को शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल, ऋषिकेश में शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत पढ़ रहे छात्रों की प्रतिपूर्ति के बिल के भुगतान के बदले यह रिश्वत मांगी थी।
सतर्कता टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लिप्त पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।