congress leader satpal brahmchari fight with congress comittee in haridwar

हरिद्वार: कांग्रेस बनाम सतपाल की जंग सड़क पर आई, अब इस बात को लेकर गरमागरम कहासुनी


विकास कुमार।
हरिद्वार जनपद की हरिद्वार विधानसभा सीट पर भाजपा के चार बार के विधायक मदन कौशिक के खिलाफ इस बार जनता में खासा आक्रोश है लेकिन हर बार की तरह एक बार फिर मदन कौशिक से चुनावी दंगल में दो—दो हाथ करने से पहले कांग्रेसी एक बार फिर आपस में लठ्मलठ्ठा हो रहे हैं। हरिद्वार में महानगर कांग्रेस कमेटी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतपाल ब्रह्मचारी आमने—सामने हैं और इनकी लडाई और ज्यादा गहरी होती जा रही है। वहीं दूसरी ओर सीनियर नेता इस जंग में हाथ सेंकने का काम कर रहे हैं।

———————————
ताजा विवाद क्या है
सतपाल ब्रह्मचारी हरीश रावत के खास है और महानगर कांग्रेस कमेटी बडे नेता संजय पालीवाल की कयादत में संजय अग्रवाल चला रहे हैं। ताजा विवाद 31 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और बांग्लादेश मुक्ति युद्ध की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित पूर्व सैनिक और स्वतंत्रा सैनानी उत्तराधिकारी सम्मान समारोह के आयोजन को लेकर है। महानगर कांग्रेस ने रविवार को गीत गोविंद में कार्यक्रम किया और सतपाल ब्रह्मचारी ने अलग से अपना कार्यक्रम शुभम वैंकट हाल में किया। लेकिन विवाद पैदा तब हुआ जब सतपाल ब्रह्मचारी के खास चेले आकाश भाटी ने जब महानगर कांग्रेस के व्हट्सएप ग्रुप में सतपला ब्रह्मचारी के कार्यक्रम की सूचना डाल दी और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने तुरंत आकाशी भाटी को ग्रुप से रिमूव कर दिया। विवाद यही नहीं थमा बल्कि आकाश भाटी ने महानगर कांग्रेस के ग्रुप का स्क्रीन शॉट फेसबुक पर डाल दिया जिसमें संजय अग्रवाल पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी की गई। पूरा मामले को लेकर एक बार फिर दोनों गुटों में तलवारें खिंच गई।

IMG 20211031 175307

————————————————
क्या कहते हैं महानगर अध्यक्ष
महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी से कार्यक्रम करने के लिए आदेश हुआ था। हमने अपना सफल कार्यक्रम किया। सतपाल जी को कार्यक्रम करना था तो महानगर कांग्रेस को विश्वास में लिया जा सकता था। लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आकाश भाटी को ग्रुप से रिमूव करने वाली बात पर कहा कि हरिद्वार में संगठन को दरकिनार करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस को एक होकर चलने की जरुरत है लेकिन अफसोस कुछ नेता ऐसा नहीं कर रहे हैं।

————————————
क्या कहते हैं सतपाल ब्रह्मचारी
सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि हमारा कार्यक्रम पहले ही तय हो गया था और मैं ये कार्यक्रम पिछले कई सालों से करता आ रहा हूं। हमारे लोग महानगर कांग्रेस के कार्यक्रम में भी थे। गुटबाजी नहीं है जल्द ही स्थितियां अच्छी होगी।

———————————
क्या वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुटबाजी का ले रहे मजा
वरिष्ठ पत्रकार रतनमणि डोभाल बताते हैं कि इसमें कोई दो राय नहीं कि कांग्रेस के दावेदोरों में सतपाल ब्रह्मचारी फिलहाल सबसे ज्यादा मजबूत स्थिति में हैं, लेकिन कांग्रेस का हरिद्वार में बहुत बुरा हाल है। ये आपस में लड रहे हैं और लगातार लड रहे हैं। कुछ इनमें ऐसे हैं जो सीनियर नेता कहे जाते हैं लेकिन इनके मकसद कुछ ओर हैं। ये गुटबाजी को हवा देने का काम करते हैं, क्योंकि इससे उनके दोस्तों को फायदा होता है और चुनाव के बाद इस एहसान का दाम मिल जाता है। यही हाल रहा तो कांग्रेस पहले से भी बहुत ज्यादा बुरी हालत में होगी।

Share News