बेड़पुर प्रकरण में पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप, किसान यूनियन ने दी आंदोलन की चेतावनी

अतीक साबरी:-

पिरान कलियर। बेड़पुर गांव में हुए विवाद को लेकर भारतीय किसान यूनियन (रोड) ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। बेड़पुर में आयोजित पंचायत के बाद यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम् सिंह रोड ने कहा कि गांव में कुछ दिन पूर्व हुए झगड़े में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई थीं, लेकिन पुलिस ने कथित तौर पर दबाव में आकर किसान पक्ष से जुड़े एक व्यक्ति को जेल भेज दिया, जबकि दूसरे पक्ष के लोग अब भी बाहर घूम रहे हैं।

पदम सिंह रोड ने कहा कि यदि झगड़े में दोनों पक्ष शामिल थे तो कार्रवाई भी दोनों पक्षों पर समान रूप से होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन द्वारा मामले में निष्पक्षता नहीं बरती जा रही है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों को दोनों पक्षों को बैठाकर विवाद का समाधान कराना चाहिए, न कि एकतरफा कार्रवाई करनी चाहिए।किसान नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बेड़पुर प्रकरण में निष्पक्ष जांच कर समान कार्रवाई नहीं की गई तो भारतीय किसान यूनियन (रोड) संबंधित थाने और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय का घेराव करेगी।

उन्होंने कहा कि संगठन अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगा और जरूरत पड़ने पर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।पंचायत में किसानों और ग्रामीणों की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इस दौरान स्मार्ट मीटर लगाने की योजना और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती का भी विरोध किया गया। पदम् सिंह रोड ने कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर केवल योजनाओं को थोपना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं किया तो संगठन महापंचायत बुलाकर देहरादून कूच, विधानसभा घेराव और मुख्यमंत्री आवास घेराव जैसे बड़े आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की घोषणा करेगा।

पंचायत में डॉ. अरशद, कारी सहजाद, इरशाद प्रधान, वारिस अली, जावेद अली, जव्वाद, रियासत, आसिफ अली, मतलब, मोनू मलिक, परवेज, गोपाल मुन्नू सहित बड़ी संख्या में किसान यूनियन कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।