LPG Gas Cylinder Shortage गैस नहीं मिल रही तो करें शिकायत, हरिद्वार के लिए जारी हुए हेल्पलाइन नंबर

LPG Gas Cylinder Shortage Haridwar जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर सख्ती के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की।

जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति, अधिक कीमत वसूली या अन्य किसी समस्या का सामना करना पड़े तो वे कंट्रोल रूम नंबर 01334-239444, टोल फ्री 01334-1077 तथा मोबाइल नंबर 9068197350 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने जानकारी दी कि जनपद में वर्तमान में 42 गैस एजेंसियां संचालित हैं और एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। हालांकि ऑनलाइन सिस्टम बाधित होने के कारण उपभोक्ताओं को ओटीपी नहीं मिल पा रहा है, जिससे ऑनलाइन बुकिंग में परेशानी हो रही है और गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ रही है। विभाग द्वारा इस संबंध में उपभोक्ताओं को लगातार जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एलपीजी गैस की आपूर्ति नियमित और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में किसी भी दशा में एलपीजी गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए सभी गैस एजेंसियों पर नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। यदि कहीं गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अनियमित वितरण या उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूली की शिकायत मिलती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति, अधिक कीमत वसूली या अन्य किसी समस्या का सामना करना पड़े तो वे कंट्रोल रूम नंबर 01334-239444, टोल फ्री 01334-1077 तथा मोबाइल नंबर 9068197350 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, सहायक परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *