कीचड़ और पानी में ही सड़क निर्माण शुरू, सवालों के घेरे में नगर पंचायत के जिम्मेदार!

News 129 | पिरान कलियर।

नगर पंचायत पिरान कलियर में विकास कार्यों की गुणवत्ता और सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। कहीं सड़कों पर जलभराव की समस्या बनी हुई है तो कहीं कीचड़ के बीच ही सड़क निर्माण शुरू कराया जा रहा है। ताजा मामला मुकर्रबपुर के वार्ड नंबर पांच का है, जहां नई बस्ती से कब्रिस्तान तक बनाई जा रही सीसी सड़क को लेकर ठेकेदार की कार्यशैली पर वार्डवासियों ने नाराजगी जताई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर पानी और कीचड़ भरा होने के बावजूद ठेकेदार ने निर्माण सामग्री डालकर काम शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि जब सड़क निर्माण की शुरुआत ही इस तरह की जा रही है तो उसकी गुणवत्ता और मजबूती की उम्मीद कैसे की जा सकती है। स्थानीय निवासी कुर्बान ने विरोध जताते हुए कहा कि पहले जलभराव की निकासी कराई जाए और कीचड़ सूखने के बाद निर्धारित मानकों के अनुसार सड़क का निर्माण कराया जाए।मामले में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुलदीप चौहान की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है।

वार्डवासियों का आरोप है कि शिकायत के लिए ईओ को कई बार फोन किया जा रहा है, लेकिन कभी फोन नहीं उठाया जाता तो कभी फोन बंद मिलता है। लोगों का यह भी कहना है कि पत्रकारों की ओर से नगर पंचायत से जुड़ी समस्याओं को लेकर संपर्क करने पर भी अधिशासी अधिकारी फोन रिसीव नहीं करते। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब अधिकारी ही जनता और मीडिया की शिकायतों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे तो क्षेत्र की समस्याओं का समाधान आखिर कौन करेगा?

नगर पंचायत क्षेत्र में केवल सड़क निर्माण ही नहीं, बल्कि सफाई व्यवस्था को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। जगह-जगह नालियों से पानी की निकासी नहीं होने के कारण सड़कों पर जलभराव बना हुआ है। कई स्थानों पर गंदगी और पानी के जमाव से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के नाम पर बजट खर्च किया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। इससे सरकारी धन के सदुपयोग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

अब सवाल यह है कि क्या अधिशासी अधिकारी कुलदीप चौहान इन शिकायतों का संज्ञान लेकर मौके पर निर्माण कार्य की जांच कराएंगे? क्या ठेकेदार को मानकों के अनुरूप काम करने के निर्देश दिए जाएंगे या फिर जलभराव और बदहाल सफाई व्यवस्था के बीच ही विकास कार्यों के नाम पर खानापूर्ति होती रहेगी? वार्डवासियों ने प्रशासन से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।