पिरान कलियर (न्यूज 129):
नगर पंचायत पिरान कलियर की व्यवस्थाओं पर अधिशासी अधिकारी की कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुकर्रबपुर स्थित सरकारी स्कूल के सामने से बेड़पुर गांव को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बदहाली की भेंट चढ़ा हुआ है। यहां करीब एक किलोमीटर तक सड़क पर गंदा पानी फैला हुआ है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को सड़क से गुजरने के बजाय गंदे पानी के बीच से होकर निकलने को मजबूर होना पड़ रहा है।सड़क के किनारे आबादी और लोगों के मकान होने के कारण स्थानीय निवासियों की मुश्किलें भी लगातार बढ़ रही हैं।
गंदे पानी से उठने वाली दुर्गंध ने आसपास के लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। रोजाना गंदे पानी से गुजरने के कारण बच्चों की ड्रेस और जूते खराब हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए भी यह मार्ग मुसीबत बना हुआ है।हैरानी की बात यह है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन की ओर से अब तक जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। सड़क किनारे नाले का निर्माण नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है।
ऐसे में अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी और नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजिमी है।नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, नालियों का निर्माण, जलभराव और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी जिम्मेदार अधिकारियों को जवाब देना चाहिए। आखिर जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी किसकी है? जब मुख्य मार्ग की यह हालत है तो नगर पंचायत के अन्य क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क पर फैले गंदे पानी की तत्काल निकासी कराई जाए और स्थायी नाले का निर्माण कराया जाए। अब देखना यह है कि अधिशासी अधिकारी जनता की इस गंभीर समस्या का समाधान कराते हैं या फिर लोग इसी तरह गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर रहेंगे।