गंगा में कूदकर जान देने चली थी महिला, श्यामपुर पुलिस ने देवदूत बन बचाई जान

हरिद्वार (न्यूज 129)।

चण्डीघाट स्थित नमामि गंगे घाट पर गंगा में कूदकर आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला के लिए श्यामपुर पुलिस देवदूत बनकर पहुंची। थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर देवेंद्र तोमर और पुलिस टीम ने तत्परता व सूझबूझ दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से महिला को सकुशल रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर को नमामि गंगे घाट पर एक अज्ञात महिला ने गंगा नदी में कूदकर जान देने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नितेश शर्मा के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर देवेंद्र तोमर ने स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला को सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।महिला को चौकी लाकर पुलिस ने उसकी काउंसलिंग की, लेकिन वह बार-बार आत्महत्या करने की बात कह रही थी और अपनी पहचान बताने से भी इनकार कर रही थी।

थाना प्रभारी नितेश शर्मा और सब इंस्पेक्टर देवेंद्र तोमर ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला की देखभाल कराई, उसे भोजन कराया और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।महिला की पहचान के लिए सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार करने के साथ आसपास के जनपदों में भी संपर्क किया गया। पुलिस के प्रयासों से महिला के पति दलवीर सिंह निवासी ग्राम भरतिया, थाना बलदेव, जनपद मथुरा से संपर्क स्थापित हुआ। उन्होंने महिला की पहचान रंजिता के रूप में की और बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है तथा 4 नवंबर को घर से बिना बताए चली गई थी।महिला की सुरक्षा को देखते हुए उसे वन स्टॉप सेंटर रानीपुर में रखा गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व और सब इंस्पेक्टर देवेंद्र तोमर की तत्परता ने न सिर्फ एक महिला की जिंदगी बचाई, बल्कि बिछड़े परिवार को भी फिर से मिला दिया। श्यामपुर पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना हो रही है।