हरिद्वार। खराब मौसम और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद गंगा को स्वच्छ रखने के लिए नगर निगम की मुहिम जारी रही। नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में नगर निगम हरिद्वार की टीम ने कुशावर्त घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर करीब आठ टन कचरा एकत्र किया।

अभियान में अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवियों और पर्यावरण मित्रों ने श्रमदान कर गंगा घाटों को साफ रखने का संदेश दिया।अभियान के दौरान घाट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई की गई। नगर निगम की टीम ने एकत्रित कचरे को हटाकर घाट क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने अभियान में शामिल सभी लोगों की सराहना करते हुए कहा कि गंगा की स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।उन्होंने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की कि गंगा घाटों पर कूड़ा-कचरा न डालें और स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।

सफाई अभियान में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की, सहायक नगर आयुक्त प्रशांत पांडे, सुनील मेहर, अंजली चंद, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, अनिल कुमार और आकाश कुमार सहित नगर निगम के बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।नगर निगम की ओर से गंगा घाटों की स्वच्छता को लेकर इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई।
