फाइनल रिपोर्ट के नाम पर रिश्वतखोरी! दो दरोगाओं पर मुकदमा दर्ज

News129:-रुड़की।

गंगनहर कोतवाली में दर्ज आत्महत्या के लिए उकसाने के एक मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के नाम पर रिश्वत लेने और मांगने के आरोप में दो तत्कालीन दरोगाओं के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने अधिकारियों को ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी थी। एसपी देहात की जांच के बाद दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

आरोप है कि तत्कालीन दरोगा मनदीप सिंह ने फाइनल रिपोर्ट लगाने के नाम पर 3.50 लाख रुपये लिए थे, जबकि दोबारा विवेचना शुरू होने पर तत्कालीन दरोगा बलवंत पवार ने इसी काम के लिए पांच लाख रुपये मांगे। रकम नहीं देने पर गोली मारने, जेल भेजने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।

मामला पांच जुलाई 2023 को सुषमा सैनी की ओर से निश्चय राणा और नितीश राणा निवासी निरपुड़ा, जिला बागपत के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे से जुड़ा है। पहले मामले की विवेचना मनदीप सिंह ने की थी और बाद में दोबारा विवेचना बलवंत पवार को सौंपी गई।

शिकायत मिलने पर एसएसपी ने एसपी देहात को जांच सौंपी थी। जांच के बाद दोनों तत्कालीन उपनिरीक्षकों के खिलाफ गंगनहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।