इंस्टाग्राम पर 4 लाख फॉलोअर्स, कलियर के गेस्ट हाउस में फंदे से लटका मिला युवक!

News129:-पिरान कलियर।

सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बनाने वाले एक युवक की कलियर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बाबा जिलानी दरगाह के पास स्थित एक गेस्ट हाउस के कमरे में युवक का शव फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि युवक यूट्यूबर था और इंस्टाग्राम पर उसके करीब चार लाख फॉलोअर्स थे। घटना की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले के थाना सीखेड़ा क्षेत्र के निराना निवासी आतिफ (32) पुत्र इरशाद बुधवार रात गेस्ट हाउस में आकर रुका था। उसे कमरा नंबर 11 दिया गया था। गुरुवार को कमरे के अंदर उसका शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची कलियर पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला।

सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स होने के चलते युवक की मौत का मामला चर्चा में है। हालांकि, युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

कोतवाल कमल मोहन भंडारी का कहना है कि गेस्ट हाउस के कमरे में युवक का शव फंदे से लटका मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला। मामले की जांच की जा रही है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।