News:-129
हरिद्वार। मानसून सीजन समाप्त होने के बाद नगर निगम हरिद्वार ने शहर में विशेष स्वच्छता अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को नगर आयुक्त नंदन कुमार (IAS) ने भगत सिंह चौक और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने चौक और आसपास के क्षेत्र में खरपतवार, झाड़ियों और अनावश्यक वनस्पतियों को हटाने के निर्देश दिए। अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों द्वारा झाड़ियों की कटाई और क्षेत्र की सफाई का कार्य भी कराया गया।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि मानसून के दौरान शहर के कई हिस्सों में खरपतवार और गंदगी जमा हो जाती है। इसे देखते हुए प्रमुख चौराहों, सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और नालियों की व्यापक सफाई कराई जा रही है। उन्होंने नालों के टूटे हुए स्लैब को भी बदलने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने मुख्य सफाई निरीक्षक और सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि विशेष स्वच्छता अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। प्रत्येक क्षेत्र में नियमित निगरानी के साथ सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम के अनुसार विशेष स्वच्छता अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने के साथ सफाई व्यवस्था को और बेहतर करना है।