धर्मनगरी हरिद्वार के सबसे पवित्र स्थल ‘हर की पैड़ी के सामने मालवीय घाट पर दो युवकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने स्थानीय तीर्थ पुरोहितों और निवासियों में भारी रोष पैदा कर दिया है। वीडियो में दो युवक अरबी पहनावे (कंदूरा) में नजर आ रहे हैं और खुद को दुबई का निवासी बताते हुए मुस्लिम नामों का उल्लेख कर रहे हैं। वही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गंगा सभा की ओर से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
वायरल वीडियो में युवक हर की पैड़ी के घाटों पर घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है जब उत्तराखंड सरकार और गंगा सभा द्वारा हरिद्वार के घाटों और धार्मिक स्थलों पर गैर-हिंदुओं के प्रवेश को प्रतिबंधित करने और केवल ‘सनातनियों’ को अनुमति देने पर चर्चा चल रही है।
स्थानीय लोगों का आक्रोश
स्थानीय निवासियों और तीर्थ पुरोहितों का आरोप है कि यह वीडियो जानबूझकर क्षेत्र की मर्यादा को भंग करने और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से बनाया गया है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
पुलिस की कार्रवाई
वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से युवकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि युवक वास्तव में कौन थे और क्या उनका उद्देश्य केवल ‘रील्स’ बनाना था या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।
गंगा सभा ने की कार्रवाई की मांग
गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने मांग करते हुए कहा कि दोनों युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने के उद्देश्य से ये वीडियो बनाई गई है।

