उर्स खत्म, गंदगी का मेला शुरू! कलियर में सफाई व्यवस्था धड़ाम, बीमारी का खतरा

News129:-पिरान कलियर पिरान कलियर। सालाना उर्स/मेला समाप्त होने के बाद कलियर दरगाह क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर स्थिति सामने आ रही है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, नालियां और नाले गंदगी से अटे पड़े हैं तथा कई स्थानों पर गंदा व बदबूदार पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ जायरीनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उर्स के दौरान बड़ी संख्या में जायरीन कलियर पहुंचे थे, जिसके बाद मेला क्षेत्र में जमा कचरे और गंदगी को समय रहते हटाने की जिम्मेदारी नगर पंचायत के सफाई अमले और संबंधित दरगाह कर्मियों पर थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि उर्स समाप्त होने के बाद सफाई व्यवस्था पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गंदगी के कारण मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।

नोमी मियां साबरी ने उठाया जनहित का मुद्दा क्षेत्र की बदहाल स्थिति को देखते हुए नोमी मियां साबरी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत पिरान कलियर को शिकायत भेजकर तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने कूड़ा उठवाने, नालियों-नालों की सफाई कराने, गंदे पानी की निकासी दुरुस्त करने के साथ ही कीटनाशक, एंटी-लार्वा और मच्छररोधी दवाओं का व्यापक छिड़काव कराने की मांग की है।

नोमी मियां साबरी का कहना है कि कलियर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, ऐसे में उर्स के बाद क्षेत्र को गंदगी के हवाले छोड़ना जायरीनों और स्थानीय जनता के हित में नहीं है। उन्होंने नगर पंचायत अधिकारियों-कर्मचारियों और दरगाह से जुड़े जिम्मेदार कर्मियों से सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीरता बरतने की मांग की है।अब देखना होगा कि शिकायत के बाद नगर पंचायत प्रशासन और दरगाह प्रबंधन कब तक हरकत में आता है और कलियर को गंदगी से निजात दिलाने के लिए जमीनी स्तर पर क्या कार्रवाई करता है।