कलियर में पुलिस का सघन सत्यापन अभियान, 320 लोगों की जांच

News129:- पिरान कलियर

पिरान कलियर। पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के निर्देश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में पिरान कलियर पुलिस ने गुरुवार को साइबर धोखाधड़ी से जुड़े हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सघन सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान कलियर, महमूदपुर, किलकिली साहब, नई बस्ती और बेडपुर समेत अन्य क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने घर-घर और मौके पर लोगों का सत्यापन किया।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान करीब 320 लोगों का स्पॉट वेरिफिकेशन किया गया, जबकि करीब 40 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर सत्यापन किया गया। नियमों का उल्लंघन करने पर 30 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 7,500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया। वहीं, साइबर शिकायतों से संबंधित दो संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

अभियान के दौरान पुलिस ने मकान मालिकों से किरायेदारों, घरेलू नौकरों और बाहरी व्यक्तियों का समय से सत्यापन कराने की अपील की। साथ ही लोगों को सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश और फर्जी विज्ञापनों से सावधान रहने तथा एटीएम, आधार कार्ड और मोबाइल सिम से जुड़ी धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूक किया गया।

पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग या निजी दस्तावेजों की जानकारी साझा न करें और साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

पुलिस टीम में वक्फ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला, अमित नौटियाल, मुन्नवर हुसैन, योगेश कुमार, हेड कोंस्टेबल सोनू चौधरी समेत अन्य पुलिसकर्मी और पीएसी की एक प्लाटून शामिल रही