Haridwar Viral News स्नान के दौरान मेट्रो हॉस्पिटल के डॉक्टर की डूबने से मौत, पार्टी के बाद साथी डॉक्टरों के साथ स्नान करने पहुंचे थे

31 अगस्त की घटना, पुलिस का दावा स्नान से पहले की थी पार्टी

Haridwar Viral News हरिद्वार के हर की पैड़ी पर गंगा स्नान के दौरान मेट्रो हॉस्पिटल में कार्यरत डॉक्टर उमंग शर्मा की डूबने से मौत हो गई। बुधवार देर शाम उनका शव पथरी पावर हाउस क्षेत्र से बरामद कर लिया गया।

डॉ. उमंग शर्मा मूल रूप से नोएडा, उत्तर प्रदेश के निवासी थे और वर्तमान में नवोदय नगर, रोशनाबाद, हरिद्वार में रह रहे थे। वह 31 अगस्त की रात अपने तीन साथियों डॉ. नवीन चावला, डॉ. आशीष भटनागर और उत्कर्ष गौतम के साथ हर की पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पर स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान डॉ. उमंग गंगा के तेज बहाव में बह गए।

घटना की सूचना 1 सितंबर को पुलिस को दी गई, जिसके बाद हर की पैड़ी पुलिस, जल पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने गंगा में तलाश अभियान चलाया। लगातार सर्च अभियान के बाद बुधवार देर शाम पथरी पावर हाउस से उनका शव बरामद किया गया।

नगर कोतवाल के.एस. राणा ने बताया कि डॉ. उमंग अपने साथियों के साथ स्नान कर रहे थे, तभी वह तेज बहाव की चपेट में आ गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।