Haridwar : गर्भवती महिला की मौत पर डीएम सख्त, सीएमओ से जांच रिपोर्ट तलब, लापरवाही पर होगा एक्शन

MCH विंग को निजी हाथों में दिया है सरकार ने

हरिद्वार में प्रसव के दौरान 21 वर्षीय गर्भवती महिला रेनू दास की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है। डीएम पूरे घटनाक्रम पर स्वयं नजर बनाए हुए हैं।

जानकारी के अनुसार ब्रह्मपुरी हरिद्वार निवासी रेनू दास की पीपीपी मोड में चल रहे महिला अस्पताल की एमसीएच विंग में ऑपरेशन के दौरान तबीयत बिगड़ गई थी। बाद में उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां ले जाते समय उसकी मौत होने का अस्पताल प्रबंधन दावा कर रहा है।

मृतका के परिजनों ने अस्पताल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ब्लड की कमी होने के बावजूद ऑपरेशन किया गया। साथ ही सवाल उठाया कि अस्पताल में आईसीयू सुविधा मौजूद होने के बावजूद मरीज को रेफर क्यों किया गया और बिना बेड की उपलब्धता सुनिश्चित किए रेफर करने का निर्णय क्यों लिया गया।

बताया जा रहा है कि महिला अस्पताल को लेकर पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। अब डीएम के निर्देश पर पूरे मामले की जांच की जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.