रफ्तार के जुनून का दर्दनाक अंत! 9 लाख फॉलोअर्स वाले राइडर आशु की सड़क हादसे में मौत

News 129:-देहरादून

सहसपुर। बाइक राइडिंग और सोशल मीडिया की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले चर्चित यूट्यूबर एवं राइडर आशु की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। आशु के सोशल मीडिया अकाउंट पर करीब 9 लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही उनके चाहने वालों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।बताया जा रहा है कि आशु नई बाइक लेने के लिए देहरादून गए थे। करीब 18 लाख रुपये की मोटरसाइकिल लेकर वह वापस लौट रहे थे। इसी दौरान थाना सहसपुर क्षेत्र में उनका दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि आशु की जान नहीं बच सकी।

राइडिंग के जुनून के चलते आशु सोशल मीडिया पर लगातार बाइक से जुड़े वीडियो साझा करते थे। उनकी राइडिंग स्टाइल और बाइक कंटेंट को बड़ी संख्या में लोग पसंद करते थे। जानकारी के मुताबिक हादसे से कुछ दिन पहले ही उन्होंने करीब 22 लाख रुपये की सुपरबाइक भी खरीदी थी।जिस बाइक और रफ्तार को लेकर वह सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच लोकप्रिय थे, उसी जुनून का सफर एक दर्दनाक हादसे के साथ खत्म हो गया।

हादसे की सूचना पर सहसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा कैसे हुआ और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।