सीओ दिव्येश उपाध्याय का सख्त संदेश: सुरक्षा नियमों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, होटल-गेस्ट हाउस संचालकों को दिए कड़े निर्देश

NSG:-news129

पिरान कलियर। क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रविवार को कोतवाली कलियर परिसर में होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीओ दिव्येश उपाध्याय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बैठक में सीओ दिव्येश उपाध्याय ने होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों को निर्देशित किया कि सभी प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा विवरण निर्धारित रजिस्टर में दर्ज किया जाए और उसके वैध पहचान पत्र की प्रति सुरक्षित रखी जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर जांच में कोई परेशानी न हो।

सीओ ने विशेष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि नाबालिगों तथा स्कूल ड्रेस में आने वाले विद्यार्थियों को किसी भी परिस्थिति में कमरा उपलब्ध न कराया जाए। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है या उसकी गतिविधियां असामान्य लगती हैं तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए होटल संचालकों को प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क पर वाहनों की पार्किंग न होने देने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि सुरक्षा नियमों, रिकॉर्ड संधारण और प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सीओ दिव्येश उपाध्याय ने कहा कि “पुलिस और जनता के सहयोग से ही क्षेत्र को सुरक्षित बनाया जा सकता है। होटल संचालक सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी सतर्कता किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में अहम भूमिका निभा सकती है।”बैठक में एसआई विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, जितेंद्र सिंह, प्रकाश मनराल सहित क्षेत्र के होटल एवं गेस्ट हाउस संचालक मौजूद रहे।