NSG:-news 129
पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक में कथित फर्जी खादिमों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि दरगाह में तैनात कुछ कर्मचारियों और सुरक्षा व्यवस्था में लगे पीआरडी जवानों की कथित मिलीभगत के चलते फर्जी खादिमों का नेटवर्क लगातार मजबूत होता जा रहा है, जिससे दरगाह की आय को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
स्थानीय लोगों और जायरीन से मिली शिकायतों के अनुसार कथित फर्जी खादिम दरगाह पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाते हैं और उन्हें दरगाह के अधिकृत दानपात्र में चढ़ावा डालने के बजाय सीधे नकद रकम देने के लिए प्रेरित करते हैं। इतना ही नहीं, लंगर और अन्य धार्मिक रस्मों के नाम पर भी जायरीन से मोटी रकम वसूले जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब दरगाह परिसर की सुरक्षा के लिए पीआरडी जवान तैनात हैं और हर गतिविधि पर नजर रखने का दावा किया जाता है, तो आखिर इन कथित फर्जी खादिमों की गतिविधियां खुलेआम कैसे जारी हैं?
आरोप है कि सुरक्षा कर्मियों के सामने ही जायरीन को गुमराह कर दरगाह के भीतर ले जाया जाता है, लेकिन कोई रोक-टोक नहीं होती।सूत्रों का कहना है कि रुड़की के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक राम चंद्रसेठ द्वारा कई बार रुड़की तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी को ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन धरातल पर नतीजे दिखाई नहीं दे रहे हैं। इससे प्रशासनिक कार्रवाई की गंभीरता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
दरगाह कार्यालय में लगी बड़ी एलसीडी स्क्रीन के माध्यम से परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था मौजूद है। इसके बावजूद यदि कथित रूप से जायरीनों से ठगी, अवैध वसूली और अन्य गतिविधियां जारी हैं तो निगरानी तंत्र की प्रभावशीलता पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।इतना ही नहीं, कुछ लोगों का आरोप है कि दरगाह में चढ़ाई जाने वाली महंगी और कीमती चादरें भी कथित रूप से गायब होती रही हैं। आरोप यह भी है कि ऐसी घटनाएं कर्मचारियों की मौजूदगी में होती हैं, लेकिन आज तक किसी बड़े दोषी के खिलाफ ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई।
अब सवाल यह है कि आखिर दरगाह की पवित्रता और जायरीनों की आस्था से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा कब कसेगा? क्या प्रशासन केवल आदेश जारी करता रहेगा या फिर दरगाह की आय और सम्मान को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई भी होगी?
बड़े सवालआखिर फर्जी खादिमों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?सीसीटीवी निगरानी के बावजूद कथित अवैध गतिविधियां कैसे जारी हैं?दरगाह की आय को होने वाले नुकसान की भरपाई कौन करेगा?प्रशासनिक आदेशों का पालन क्यों नहीं हो रहा?जायरीनों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा कब कसेगा?