Haridwar Viral Video हरिद्वार के पिरान कलियर क्षेत्र में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्हें न तो कानून का खौफ है और न ही इंसानियत की फिक्र। मामूली सी बात को लेकर दबंगों ने एक 80 वर्षीय बुजुर्ग और उनके परिवार पर लाठी-डंडों और सरियों से जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Haridwar Viral Video
मामूली विवाद बना जानलेवा हमला:-मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत घर के बाहर से गुजरने वाले एसी (AC) के पानी के पाइप को लेकर हुई। ग्राम बेडपुर निवासी मोहम्मद रिहान ने तहरीर देकर बताया कि 26 अप्रैल को उनके घर में एसी लगा था, जिसके पानी की निकासी को लेकर पड़ोस के ही कुछ दबंगों ने आपत्ति जताई और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
दुकान में घुसकर किया हमला, बुजुर्ग को नहीं बख्शा:-पीड़ित का आरोप है कि बीते दिन जब वह अपने पिता सनाउल्लाह और भाई शाह आलम के साथ होटल और दुकान पर मौजूद थे, तभी मोहसिन, मोबिन, जुनेद और जावेद नाम के युवक हाथों में लाठी-डंडे और लोहे के सरिए लेकर वहां धमक पड़े। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दबंग किस तरह 80 साल के बुजुर्ग सनाउल्लाह पर कहर बनकर टूट रहे हैं। बुजुर्ग के हाथ, पैर, सिर और पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं और फ्रैक्चर हुआ है।

चीख-पुकार सुनकर जब आस-पास के लोग और घायल का दिव्यांग भाई फरमान अली बचाने आए, तो आरोपी उन्हें भी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई हैवानियत:-यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि निहत्थे बुजुर्ग को कई युवक घेरकर बेरहमी से पीट रहे हैं। घायलों को तत्काल रुड़की के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
पुलिस की कार्रवाईघटना के बाद कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि क्षेत्र में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
