ईमानदारी की मिसाल: हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी ने लौटाई मायूस चेहरों पर मुस्कान, गुजरात के जायरीन को सौंपा खोया मोबाइल
अतीक साबरी:-कलियर (हरिद्वार): उत्तराखंड पुलिस की मित्र पुलिस वाली छवि को पिरान कलियर कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी चरितार्थ कर रहे हैं। अपनी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पहचाने जाने वाले सोनू चौधरी ने एक बार फिर एक पीड़ित के चेहरे पर खुशी लौटाई है। ताजा मामला गुजरात से आए एक जायरीन का है, जिनका मोबाइल फोन खो गया था, जिसे सोनू चौधरी ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर सकुशल वापस लौटा दिया।
जानकारी के अनुसार, गुजरात निवासी मोहम्मद उवैस मंगलौर (हरिद्वार) में एक जमात में आए हुए थे। इसी दौरान उनका कीमती वीवो मोबाइल फोन कहीं गिर गया। फोन में महत्वपूर्ण डाटा होने के कारण उवैस काफी परेशान थे। मोबाइल कलियर कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी को मिला, जिसके बाद उन्होंने तत्परता दिखाते हुए इसके मालिक का पता लगाया और आज 21 अप्रैल 2026 को मोहम्मद उवैस को बुलाकर फोन उनके सुपुर्द कर दिया। अपना फोन वापस पाकर उवैस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर सोनू चौधरी की ईमानदारी और हरिद्वार पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर प्रशंसा की। उवैस ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में उनका फोन इतनी जल्दी और सुरक्षित मिल जाएगा।
गौरतलब है कि हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी अब तक सैकड़ों गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली स्वामियों तक पहुँचा चुके हैं। उनके इस सेवा भाव और ईमानदारी की चर्चा पूरे क्षेत्र में है।
स्थानीय निवासियों और जायरीनों का कहना है कि सोनू चौधरी जैसे पुलिसकर्मी विभाग का गौरव बढ़ा रहे हैं और उनके प्रयासों से हजारों मायूस चेहरों पर मुस्कान वापस लौटी है। हरिद्वार पुलिस की इस सक्रियता और सोनू चौधरी की नेकदिली की हर तरफ सराहना हो रही है।
