दिल्ली से हरिद्वार आ रही तीर्थयात्रियों की कार हादसे का शिकार, 7 घायल, एक की हालत नाजुक-

दिल्ली से हरिद्वार आ रही तीर्थयात्रियों की कार हादसे का शिकार, 7 घायल, एक की हालत नाजुक–

संकटमोचक बनी सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस, 108 और NHAI की एम्बुलेंस से मरीज लाए गए अस्पताल

–दिल्ली निवासी लोडर वाहन चालक सचिन बने स्मार्ट सिटीजन, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

–एनएसजी, हरिद्वार। दिल्ली से हरिद्वार आ रहे तीर्थयात्रियों की एक कार प्रेमनगर आश्रम स्थित फ्लाईओवर पर सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक यात्री की हालत नाजुक बताई जा रही है।हादसे के तुरंत बाद सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दिल्ली से आ रहे युवक सचिन की मदद से टेंपो चालक द्वारा घायलों को तत्काल मेला अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम भी मौके पर पहुंची और अन्य घायलों को महिला अस्पताल भिजवाया गया।अस्पताल से एनएसजी को मिली जानकारी के अनुसार घायलों में नीलम (39), जयप्रकाश(55), किशोर (47), विनोद कुमार (40), सर्वेश (55), सत्य प्रकाश (60) और राजबहादुर (58) शामिल हैं। सभी दिल्ली के तुगलकाबाद के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि राजबहादुर ही कार चला रहे थे। उन्होंने जानकारी दी कि उनके आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे उनकी कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।

वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अनुसार फ्लाईओवर पर एक खराब हालत में खड़ा तेल टैंकर भी हादसे की बड़ी वजह बना। फिलहाल सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है बताया जा रहा है कि सभी यात्री हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में चल रही भागवत कथा में शामिल होने के लिए आ रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

संकटमोचक बनी सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस हादसे में घायलों की मदद के लिए प्रभारी निरीक्षक संदीप नेगी सबसे पहले मौके पर पहुंचे। सीपीयू के प्रवेश खत्री, एसआई रमेश कुमार, राजेंद्र भंडारी, चंद्रदीप, शेर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया। दिल्ली की ओर से आ रहे टेंपो लोडर चालक सचिन और टेम्पो ट्रैवलर चालक संजय ने भी इंसानियत दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।