हरिद्वार में ‘एक्स मुस्लिम यात्रा’ को लेकर विवाद, गंगा सभा ने विरोध किया, स्वामी राम विशाल दास महाराज को संत के भेष में बताया कालनेमी


एनएसजी, हरिद्वार। बिजनौर से हरिद्वार के हर की पैड़ी ब्रह्मकुंड तक निकाली गई एक्स मुस्लिम यात्रा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में गंगा सभा ने कड़ी नाराजगी जताते हुए हिंदूवादी नेता राम विशाल दास महाराज पर गुमराह करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के कई बड़े नेताओं से संबंध रखने वाले स्वामी राम विशाल दास महाराज ने सपा से सांसद इकरा हसन को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। पिछले कुछ समय से वह लगातार हिंदू हितों को लेकर फायर ब्रांड नेता बनने की कोशिश कर रहे हैं।

गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि एक मुस्लिम व्यक्ति के विधिवत हिंदू धर्म में शामिल होने और गंगा स्नान के नाम पर गैर-हिंदू लोगों को हर की पैड़ी तक लाया गया, जिससे गंगा भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ बताते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

नितिन गौतम ने आरोप लगाया कि कुछ लोग भगवा चोला पहनकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं और धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। राम विशाल दास महाराज जो पूर्व में कांग्रेस नेता थे उन्होंने ये कृत्य किया है और ऐसे लोग भगवा वेश में कालनेमी है। उन्होंने इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।

गौरतलब है कि राम विशाल दास महाराज, जिन्हें पहले राम विशाल देव के नाम से जाना जाता था, कांग्रेस में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। उनके कांग्रेस के विधायक, सहित कई नेताओं से अच्छे संबंध है। साथ ही भाजपा के एक पूर्व मंत्री के भी स्वामी राम विशाल दास महाराज करीबी बताएं जाते है।

इस पूरे विवाद के बाद हरिद्वार में धार्मिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। गंगा सभा ने स्पष्ट किया है कि मामले में जल्द ही कानूनी कदम उठाए जाएंगे।