मंदिर में पुजारी की हत्या से सनसनी, खून से लथपथ शव बरामद
एनएसजी, हरिद्वार। जनपद के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के भोगपुर गांव स्थित एक मंदिर में पुजारी की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह मंदिर परिसर के अंदर पुजारी का खून से लथपथ शव मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात बदमाशों ने मंदिर में रह रहे पुजारी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान राजवीर निवासी गोधना गांव, पुरकाजी (जिला मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि भोगपुर गांव में ग्रामीण संजय सैनी द्वारा निर्मित इस निजी मंदिर में राजवीर पिछले करीब तीन महीनों से रहकर पूजा-अर्चना और साफ-सफाई का कार्य कर रहा था। शनिवार शाम को मंदिर स्वामी संजय सैनी ने उससे मुलाकात भी की थी, उस समय सब कुछ सामान्य बताया गया था।
रविवार सुबह जब मंदिर में उसका शव मिला तो गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए।
लक्सर क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी और कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने एनएसजी को बताया कि मृतक के सिर और शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।