इनकम टैक्स की ज्वाइंट कमिश्नर
एमएसजी। हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में एक वरिष्ठ महिला अधिकारी द्वारा अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है। पीड़िता, जो आयकर विभाग में संयुक्त आयुक्त (IRS अधिकारी) के पद पर कार्यरत हैं, ने अपने पति पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला थाना कनखल में 10 अप्रैल 2026 को दर्ज किया गया, जिसमें आरोपी पति शशांक जोहरी सहित अन्य के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराएं 3/4 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 498A, 504 और 506 के तहत केस दर्ज किया गया है।
शादी के बाद शुरू हुआ उत्पीड़न
पीड़ित अधिकारी ने बताया कि 2018 में शादी डॉट कॉम के जरिए उनकी पहचान शशांक जौहरी निवासी दिल्ली से हुई थी। शंशाक ने खुद को वकील बताया था और अपने माता पिता के भी वकील होने का दावा किया था। जबकि शादी के बाद उन्हें पता लगा कि उनका पति वकील नहीं है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2019 में शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग की जाती रही। आरोप है कि शादी में करीब 60-70 लाख रुपये खर्च किए गए, इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ और बाद में एक करोड़ रुपए व संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग की गई।
मारपीट और जानलेवा हमले के आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी पति ने कई बार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी। यहां तक कि गैस सिलेंडर खोलकर आग लगाने का प्रयास करने, बच्चे को जान से मारने की धमकी देने और पीड़िता को आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अक्सर मारपीट करता था और संपत्ति अपने नाम कराने के लिए दबाव बनाता था। कई घटनाओं में घरेलू सहायिका भी प्रत्यक्षदर्शी बताई गई है।
जान का खतरा, हरिद्वार में ली शरण
लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता अपने बच्चों के साथ हरिद्वार स्थित अपने मायके आ गई हैं। उन्होंने पुलिस से अपनी और बच्चों की सुरक्षा की मांग की है, साथ ही आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष हरिद्वार आकर भी उन्हें धमका रहा है।
पुलिस जांच शुरू
एसएसआई अनुज सिंह ने एनएसजी को बताया कि आईआरएस अफसर की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच अधिकारी नियुक्त कर दी गई है और सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है।