हरिद्वार पुलिस का ‘ऑपरेशन कालनेमी’ और ‘प्रहार’: श्यामपुर पुलिस ने ढोंगी बाबाओं और हुड़दंगियों पर कसा शिकंजा, 25 गिरफ्तार

अतीक साबरी:-

​हरिद्वार/श्यामपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के निर्देशों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार के आदेशों का पालन करते हुए श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध दोहरी स्ट्राइक की है। शनिवार को “ऑपरेशन कालनेमी” और “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 25 आरोपियों को दबोचकर सलाखों के पीछे भेज दिया।​

ऑपरेशन कालनेमी: धर्म की आड़ में ठगने वाले ‘कालनेमियों’ का पर्दाफाशधार्मिक नगरी की मर्यादा को ठेस पहुँचाने वाले और साधु-संतों का भेष बनाकर ठगी करने वाले बहुरूपियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा की टीम ने नमामि गंगे घाट, चंडीघाट और चिड़ियापुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 09 ऐसे ‘बहुरूपियों’ को गिरफ्तार किया, जो तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के नाम पर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को गुमराह कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, इन लोगों के कृत्यों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने और पर्यटकों के आक्रोशित होने की पूरी संभावना थी। पकड़े गए आरोपियों में रामचरण दास, गंगासाहु, मंगू सिंह, खदेरु, मोहन कुमार, लालगिरी, घनश्याम, जुगनू और मुन्ना शामिल हैं, जिन्हें धारा 172(2) B.N.S.S के तहत गिरफ्तार किया गया है।​

ऑपरेशन प्रहार: नशा तस्करों और हुड़दंगियों में खौफ:-अपराध मुक्त समाज की दिशा में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत श्यामपुर पुलिस ने शराब तस्करों और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस अभियान में पुलिस ने 16 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। टीम ने सुखचेन नामक तस्कर को 38 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, नशे की हालत में बुलेट (UP20CX-9475) दौड़ा रहे राहुल कुमार को पकड़कर वाहन सीज कर दिया गया। इसके अलावा, होटल-ढाबों के पास शराब पीकर उत्पाद मचाने वाले और शांति भंग करने वाले 14 अन्य युवकों को भी धारा 170 BNSS, 172(2) BNSS और पुलिस एक्ट के तहत सलाखों के पीछे पहुँचाया गया।

​थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने NSG को बताया की उनका स्पष्ट संदेश है कि श्यामपुर क्षेत्र में अराजकता फैलाने वालों और देवभूमि की सांस्कृतिक धरोहर को नुकसान पहुँचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की यह सख्त कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी ताकि आमजन और श्रद्धालु स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें। पुलिस टीम में मुख्य रूप से व.उ.नि. मनोज रावत, उ.नि. संतोष सेमवाल, उ.नि. मोहन कठैत सहित अन्य जवान मुस्तैद रहे।