अतीक साबरी:-हरिद्वार। धर्मनगरी के पॉश इलाके शिवालिक नगर में हुई सनसनीखेज चेन लूट की घटना का कोतवाली रानीपुर पुलिस ने महज 21 घंटों के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। एसएसपी नवनीत सिंह के सख्त निर्देशों और कोतवाली प्रभारी आशुतोष सिंह की रणनीति के चलते पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के एक शातिर लुटेरे को दबोच लिया है, जबकि उसका दूसरा साथी फिलहाल पुलिस की रडार पर है। पकड़ा गया आरोपी पहले भी हत्या जैसे संगीन मामले में जेल जा चुका है।
गुड नाइट मशीन मांगने के बहाने दिया वारदात को अंजाम:-घटना 23 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे की है। शिवालिक नगर स्थित ‘शील फार्मेसी’ के मालिक सत्यशील वत्स अपनी दुकान पर मौजूद थे। तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक बाइक स्टार्ट कर बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा ग्राहक बनकर दुकान के अंदर घुसा। शातिर अपराधी ने दुकानदार को उलझाने के लिए ‘गुड नाइट’ (मच्छर भगाने की मशीन) मांगी। जैसे ही दुकानदार सामान निकालने के लिए मुड़ा, आरोपी ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन तोड़ ली। विरोध करने और पीछा करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए।सीसीटीवी और मुखबिर के जाल में फंसा ‘अनमोल’वारदात के बाद एसएसपी हरिद्वार ने इसे चुनौती के रूप में लिया।
रानीपुर पुलिस और सीआईयू (CIU) की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। प्रोएक्टिव पुलिसिंग और सटीक मुखबिरी के चलते पुलिस को सफलता मिली। 25 मार्च को बीएचईएल तिराहा बहादराबाद के पास से पुलिस ने घेराबंदी कर मुजफ्फरनगर निवासी अनमोल गर्ग को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से लूटी गई चेन का एक बड़ा हिस्सा और एक अवैध फोल्डिंग चाकू बरामद हुआ।
नशे की लत और जुर्म का पुराना नाता-पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गिरफ्तार आरोपी अनमोल गर्ग (24 वर्ष) मुजफ्फरनगर के गांधी नगर इलाके का रहने वाला है और वह एक हिस्ट्रीशीटर व गैंगस्टर है। वह पहले जनपद बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र से हत्या के मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।
अनमोल ने कुबूल किया कि वह और उसका दिल्ली निवासी साथी आशीष उर्फ ‘पगला’ नशे के भारी आदी हैं। अपने महंगे शौक और नशे की पूर्ति के लिए वे मुजफ्फरनगर से हरिद्वार आकर रेकी करते थे और फिर वारदातों को अंजाम देते थे।
फरार ‘पगला’ की तलाश में दबिश जारीपुलिस ने बताया कि आरोपी लूटी गई चेन का हिस्सा बेचने की फिराक में था, तभी पकड़ा गया। बरामद चेन के टुकड़े की कीमत करीब 1.10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लूट के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया है।
फरार आरोपी आशीष उर्फ पगला (निवासी बुराड़ी, दिल्ली) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:अनमोल गर्ग पुत्र रजनीश गर्ग, निवासी गांधी नगर, थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर (उ.प्र.)।बरामदगी का ब्यौरा:लूटी गई सोने की चेन का आधा हिस्सा (कीमत ₹1.10 लाख)।एक अवैध फोल्डिंग चाकू।नगद ₹200।
पुलिस टीम की सफलता:इस सफल अनावरण में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह, उपनिरीक्षक विकास रावत (चौकी प्रभारी गैस प्लांट), नरेंद्र सिंह बिष्ट (प्रभारी सीआईयू) और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।