निर्वाचन कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं, पूरी पारदर्शिता से काम करें BLO:- रुड़की जेएम

अतीक साबरी:-​रूड़की।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रूड़की के कन्वेंशन हॉल में निर्वाचन संबंधी एसआईआर (SIR) प्रशिक्षण कार्यक्रम का धमाकेदार आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के असली सूत्रधार रहे रूड़की के जॉइंट मजिस्ट्रेट श्री दीपक रामचंद्र शेट, जिन्होंने अपनी कार्यकुशलता और सख्त तेवरों से बीएलओ (BLO) में ऊर्जा भर दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर त्रुटि या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। तहसील रूड़की के विभिन्न क्षेत्रों से आए बूथ लेवल अधिकारियों को संबोधित करते हुए जॉइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया लोकतंत्र की बुनियाद है और इसे पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न करना हर अधिकारी का धर्म है।​प्रशिक्षण के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट किसी मंझे हुए शिक्षक की तरह नजर आए। उन्होंने न केवल बीएलओ को बारीकियां सिखाईं, बल्कि मौके पर ही उठने वाली शंकाओं और पेचीदा सवालों का अपनी चिर-परिचित शैली में विस्तार से समाधान किया। उनके कड़े और स्पष्ट निर्देशों ने यह साफ कर दिया कि रूड़की प्रशासन आगामी निर्वाचन कार्यों को त्रुटिरहित बनाने के लिए पूरी तरह कमर कस चुका है। कार्यक्रम में अपर तहसीलदार श्रीमती शुभांगिनी और नायब तहसीलदार ने भी शिरकत की और जॉइंट मजिस्ट्रेट के विजन को आगे बढ़ाते हुए बीएलओ को आवश्यक मार्गदर्शन दिया। इस हाई-प्रोफाइल ट्रेनिंग का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची के सत्यापन और प्रपत्रों के सही उपयोग को सुनिश्चित करना था, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में कोई भी चूक न रह जाए। जॉइंट मजिस्ट्रेट के इस नेतृत्वकारी रवैये की पूरे तहसील प्रशासन में चर्चा हो रही है।