CM Pushkar Singh Dhami उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य के गठन के बाद भारतीय जनता पार्टी की ओर से सबसे लंबा मुख्यमंत्री कार्यकाल पूरा कर लिया है। उन्होंने 3 वर्ष 358 दिन की सेवा पूरी कर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के 3 वर्ष 357 दिन के कार्यकाल को पीछे छोड़ दिया।
इस उपलब्धि के साथ श्री धामी उत्तराखंड के गठन के बाद कुल मिलाकर दूसरे सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं। अब तक यह रिकॉर्ड कांग्रेस नेता पंडित नारायण दत्त तिवारी के नाम था, जिन्होंने वर्ष 2002 से 2007 तक निर्विरोध अपना पांच वर्षीय कार्यकाल पूर्ण किया था।
CM Pushkar Singh Dhami

सीएम धामी का यह सफर वर्ष 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के अचानक इस्तीफे के बाद शुरू हुआ। पार्टी नेतृत्व ने तब लोकसभा सांसद तीरथ सिंह रावत को अल्पकालिक मुख्यमंत्री बनाया, जिन्हें बाद में श्री धामी ने उत्तराधिकारी के रूप में स्थान लिया।
राज्य में राजनीतिक अस्थिरता के लंबे दौर के बावजूद पुष्कर सिंह धामी ने न केवल स्थिरता कायम की, बल्कि अनेक महत्वपूर्ण फैसले लिए, जिनमें सख्त नकल विरोधी कानून, भूमि कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, और समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे निर्णय शामिल हैं।
राज्य मीडिया प्रभारी मानवीर चौहान के अनुसार, श्री धामी का यह कार्यकाल जनकल्याणकारी निर्णयों की श्रृंखला और निर्णायक नेतृत्व का प्रतीक है, जिसने उत्तराखंड की प्रशासनिक दृष्टि को नई दिशा दी है।