NSG NEWS129 EXCLUSIVE
पाकिस्तान लिंक की जांच में कलियर तक पहुंची जम्मू पुलिस, रुड़की क्षेत्र से एक और युवती पूछताछ के लिए साथ ले गई
पिरान कलियर/हरिद्वार। जम्मू-कश्मीर में चल रही एक संदिग्ध नेटवर्क की जांच के तार अब हरिद्वार जनपद के कलियर क्षेत्र से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कलियर थाना क्षेत्र के रुड़की क्षेत्र के एक गांव में पहुंचकर पूजा नामक युवती को पूछताछ के लिए अपने साथ ले लिया है।
सूत्रों का कहना है कि इससे पहले भी जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इसी गांव में कार्रवाई करते हुए सोनम नाम की युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। बताया जा रहा है कि कठुआ निवासी राहुल खान की गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई थीं, जिसके आधार पर जांच एजेंसियों ने कलियर क्षेत्र में अपनी पड़ताल शुरू की।
जानकारी के अनुसार जांच के दौरान सोनम और पूजा के नाम सामने आने के बाद एजेंसियों ने दोनों के संपर्कों और बैंकिंग गतिविधियों की पड़ताल शुरू की। सूत्रों का दावा है कि कुछ संदिग्ध खातों के माध्यम से वित्तीय लेन-देन किए जाने की जानकारी जांच एजेंसियों को मिली है।सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित लोगों तक एटीएम कार्ड और बैंकिंग दस्तावेज कोरियर के माध्यम से पहुंचाए जाते थे।
जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि आखिर इन खातों का संचालन कौन कर रहा था और इनके पीछे किस नेटवर्क का हाथ था।हालांकि पूरे मामले को लेकर अभी तक जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।
उधर गांव में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों की निगाहें अब जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।नोट: समाचार पुलिस सूत्रों एवं स्थानीय स्तर पर प्राप्त जानकारियों पर आधारित है। मामले की आधिकारिक पुष्टि जांच एजेंसियों द्वारा की जानी शेष है।