Haridwar Road Accident
हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र स्थित आयरिश पुल पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में लोक निर्माण विभाग (PWD) के संविदा कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान गौरव बडोनी निवासी शिवालिक नगर, एस क्लस्टर, रानीपुर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरव बडोनी वर्तमान में पौड़ी गढ़वाल जनपद में लोक निर्माण विभाग में संविदा कर्मी के तौर पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह किसी कार्य से हरिद्वार आए हुए थे। देर रात जब वह आयरिश पुल के पास से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही कंकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
थाना पुलिस के मुताबिक, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन की पहचान कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरव बडोनी की असामयिक मौत से उनके परिवार और सहकर्मियों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आयरिश पुल क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

