प्रेमनगर चौक से चंद्राचार्य चौक तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

न्यूज 129 | हरिद्वार। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नगर निगम हरिद्वार ने बुधवार को अभियान चलाया। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने प्रेमनगर चौक से चंद्राचार्य चौक तक कार्रवाई करते हुए सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया।

अभियान के दौरान आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और राहगीरों को निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर निगम की ओर से शहर के सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।

निगम का कहना है कि सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शहरवासियों के साथ ही हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगम ने नागरिकों और व्यापारियों से सड़क, फुटपाथ और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। अभियान में मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकांत, सफाई निरीक्षक मोहित कुमार, सुपरवाइजर कुलदीप और लवकेश सहित निगम की टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।